देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने का खिताब अपने नाम लेकर शोहरत का झंडा बुलंद करने वाले मुकेश अंबानी के सितारे इन दिनों कुछ गर्दिश में दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों जहां वह दुनिया के अमीरों की टॉप टेन सूची से बाहर हो गए थे, वहीं एशिया में भी उनकी बादशाहत को जोर का झटका लगा था। लेकिन अब अंबानी की रिलायंस कंपनी को फिर से एक और बुरी खबर का सामना करना पड़ा है।
रिलायंस को पछाडक़र नंबर वन बना टाटा
टाटा समूह ने एक बार फिर से अंबानी के रिलायंस समूह को पछाडक़र देश का नंबर वन औद्योगिक घराना होने का रिकार्ड अपने नाम पर कर लिया है। बता दें कि पिछले साल जुलाई महीने में रिलायंस समूह ने टाटा उद्योग को पछाडक़र देश का नंबर वन औद्योगिक घराना होने का खिताब अपने नाम पर कर लिया था। मगर वह अधिक दिनों तक इस खिताब को अपने नाम पर नहीं रख पाया है। एक बार फिर से टाटा समूह की टीसीएस कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिलायंस को पीछे कर नंबर वन का रिकार्ड अपने नाम पर कर लिया है। रिलायंस अब नंबर तीन पर पिछड़ गया है।
एचडीएफसी समूह नंबर दो हुआ
वहीं शेयरों में तेजी आने के साथ ही एचडीएफसी समूह ने भी रिलायंस को पीछे छोड़ते हुए नंबर दो का ताज अपने सिर पर पहन लिया है। बता दें कि पिछले साल जुलाई में टाटा समूह की सभी 17 कंपनियों की बाजार वैल्यू 11.32 थी, जबकि रिलायंस की बाजार कीमत 13 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई थी। 16 सितंबर को रिलायंस का मार्केट स्तर बढ़ते हुए 16 लाख करोड़ को भी पार कर गया था। पंरतु इसके बाद रिलायंस के शेयरों में गिरावट आने लगी, जिसके बाद उसका बाजार भाव 12.22 लाख करोड़ पर आ गया है। वहीं दूसरी ओर टाटा की सभी कंपनियों में उछाल देखा जाने लगा। टाटा के शेयरों मे आई तेजी के बाद उनका बाजार भाव 16.69 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया। यह आंकड़ा रिलायंस समूह से करीब 36 प्रतिशत अधिक आंका गया है।
इस वजह से हुआ सारा खेल
बताया गया है कि स्टील के रेटों में बढ़ोतरी की वजह से टाटा स्टील के शेयरों मे उछाल आया है, वहीं टाटा मोटर्स के शेयर भी 100 प्रतिशत से भी ज्यादा बढ़ चुके हैं, वहीं दूसरी ओर रिलायंस का फेसबुक और गूगल से निवेश लेने की वजह से शेयरों ने खासी उछाल ली थी। जोकि अब धीरे धीरे नीचे की ओर आने लगे हैं। इसके चलते ही रिलांयस के शेयरों में गिरावट का दौर देखने को मिल रहा है।