एक ऐसी महिला, जिसने आलोचना झेलकर भी दूसरी महिलाओं को रोजगार से जोड़ा। पहले लोग उन्हें भला बुरा कहते थे, मगर अब तारीफ करते नहीं थकते। कहते है कि किसी अनोखे काम की शुरूआत करने पर पहले गालियां मिलती हैं और बाद में तालियां। यह साबित कर दिखाया है मूल रूप से हरियाणा के हिसार की रहने वाली महिला प्रमिला ने। यह साहसी औरत पिछले 6 साल से ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रही है। अब तो वह दूसरी महिलाओं को भी ऑटो सिखाकर उनके लिए रोजगार के दरवाजे खोल रही है।
मजबूरी में शुरू किया ये काम
प्रोमिला का कहना है कि पहले उन्हें लोगों ने बहुत बुरा-बुरा कहा, मगर उसने किसी की एक नहीं सुनी। उसके परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी। इसलिए पहले उसने ऑटो चलाने का निर्णय लिया। उसने ऑटो सीखा भी और चलाना भी शुरू किया। इस काम से उसके परिवार को आर्थिक रूप से काफी फायदा हुआ। इसके बाद उन्होंने दूसरी महिलाओं को भी ऑटो चलाने का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ दिया। इसका लाभ यह हुआ कि प्रशासन भी प्रोमिला के हुनर का लोहा मानने लगा। तत्कालीन एसएसपी शशांक आनंद ने भी प्रोमिला की जमकर प्रशंसा की और उन्हें महिलाओं के लिए रोल मॉडल बताया।
अब और महिलाओं को भी सिखाती है ऑटो
हाल फिलहाल रोहतक के बाबरा मौहल्ले में रहने वाली प्रोमिला की टीम में अब बहुत सी महिलाएं शामिल हैं। जरूरतमंद महिलाओं को प्रोमिला की टीम ऑटो चलाने का प्रशिक्षण देकर रोजगार का रास्ता दिखाती है। प्रोमिला की खासियत यह है कि उन्होंने समाज में ना केवल अपने लिए खास जगह बनाई है, बल्कि सडक़ पर भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। प्रोमिला के सभी ऑटो गुलाबी रंग के हैं। जिसे देखने के बाद लोग आसानी से समझ जाते हैं कि ये ऑटो प्रोमिला की टीम के हैं। हालांकि कुछ समय पहले प्रोमिला बीमार हो गई, जिस वजह से उसने ऑटो चलाना बंद कर लिया। मगर वह और उनकी टीम पूरी तरह से महिलाओं को इस रोजगार से जोडऩे के काम में जुटी है।
प्रशासन भी देता है अहमियत
खास बात तो यह है कि रोहतक सहित आसपास के इलाके में जहां भी महिलाओं को ऑटो चलाने का प्रशिक्षण देना होता है। जिला प्रशासन सीधे तौर पर प्रोमिला से ही संपर्क करता है। उनका दावा है कि वह ज्यादा से ज्यादा तीन दिन में किसी भी महिला को ऑटो चलाना सिखा देती है। इसके बाद महिलाएं सीधे तौर पर बिना किसी के मोहताज हुए खुद ही अपने परिवार के लिए खेवनहार बन जाती है।
प्रियंका गांधी भी प्रोमिला के साथ बैठी है ऑटो में
प्रोमिला की एक ओर खासियत है कि उनके ऑटो में कांग्रेस सांसद और महासचिव प्रियंका गांधी भी बैठ चुकी हैं। रोहतक में चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका ने प्रोमिला के साथ ऑटो में बैठकर लोगों से अपनी पार्टी के पक्ष में वोट मांगे थे। वह भी प्रोमिला के हुनर को देखकर दंग रही गई थी। प्रियंका ने भी प्रोमिला की जमकर तारीफ की थी। फिलहाल प्रोमिला और उनकी टीम हिसार, झज्जर, जींद और पानीपत सहित कई शहरों में महिलाओं को ऑटो चलाने का प्रशिक्षण दे रही है।