हिमालय के दर्शन करना अब दूर की कौड़ी नहीं रहेगी। लोग आसानी से हिमालय के करीब जाकर उसके दर्शन कर पाएंगे, वह भी मात्र 10 मिनट के अंदर। जी-हां उत्तराखंड में पयर्टकों को लुभाने के लिए हैलीकाप्टर सेवा शुरू कर दी गई है। देश और दुनिया के पयर्टकों के लिए खास आकर्षण के केंद्र औली में जाने वाले पयर्टक अब इस मामूली से खर्च पर हिमालय के दर्शन भी कर सकते हैं। इस सुविधा के शुरू होने से लोगों में हिमालय के दर्शनों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
खर्च करने होंगे महज इतने रुपए
महज तीन हजार रुपए में पर्यटक आसमान की सुंदर वादियों के बीच हैलीकाप्टर से हिमालय की चोटी पर पहुंच सकते हैं। 10 मिनट के अंदर ही हैलीकाप्टर जब बर्फीली चोटियों पर घूमेगा तो पयर्टकों के रोमांच का कोई ठिकाना नहीं रहेगा। उन्हें हिमालय की चोटी को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा। हेरीटेज एविएशन ने उत्तराखंड सरकार के माध्यम से इस सेवा की शुरूआत की है। 10 मिनट की हवाई यात्रा के बदले महज 10 हजार रुपए का शुल्क चुकाना होगा।
औली से शुरू हुई ये सेवा
उत्तराखंड के औली में पयर्टक हर वर्ष बहुत अधिक संख्या में बर्फ का आनंद लेने के लिए पहुंचते हैं। हैलीकाप्टर के जरिए पर्यटकों को औली में मजा करने के बाद हैलीकाप्टर से नन्दा देवी, भविष्य बद्री, कामेट, स्लीपिंग ब्यूटी तथा बरमल सहित हिमालय को भी काफी नजदीक से देखने का अवसर मिल रहा है। इसका पयर्टक भी खूब आनंद उठा रहे हैं।
रोमांचित हो रहे हैं लोग
हैलीकॉप्टर के पायलट का कहना है कि मात्र दस मिनट के हवाई यात्रा के माध्यम से पर्यटकों को पूरे हिमालय के चारों ओर से उसे नजदीक से देखने का अवसर प्राप्त हो रहा है। लोग हैलीकाप्टर में बैठकर रोमांच और उत्साह का अनुभव कर रहे हैं। उन्हें लोगों का शानदार रिस्पांस भी मिल रहा है। उनके अनुसार औली में हर साल पर्यटकों की संख्या हजारों में होती है। इस सेवा के शुरू होने से लोग काफी उत्साह में दिख रहे हैं और वह इसके प्रति आकर्षित भी हो रहे हैं। पर्यटकों के लिए अब तक की यह सबसे सस्ती हवाई सेवा भी कही जा रही है।