महज़ ढाई साल की उम्र बच्चे स्कूल जाना शुरू करते हैं, अपनी पढ़ाई-लिखाई को समझने की कोशिश करते हैं और खेल-कूद करते हैं परंतु इतनी कम उम्र में किसी बच्चे का पूरी दुनिया को संदेश देना और लोगों की मदद करना, यह कोई आम बात नहीं है| आज हम आपको एक ऐसे बच्चे के बारे में बताने जा रहे हैं जो आज ढाई साल की छोटी उम्र में अनेकों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन चुका है| आइए जानते हैं तक्ष के बारे में|
यूएई के निवासी हैं तक्ष जैन
आज हम आपको तक्ष जैन के बारे में बताने जा रहे हैं जो संयुक्त अरब अमीरात के निवासी हैं| आज तक्ष अनेकों लोगों को अपने सराहनीय कार्य से प्रेरित कर रहे हैं| बता दें कि हाल ही में तक्ष ने कैंसर रोगियों के लिए अपने बाल दान दे दिए हैं और उनका यह कार्य सोशल मीडिया पर सभी लोगों का दिल जीत रहा हैं|
तक्ष हेयर डोनेशन कैंप में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के बच्चे हैं
दरअसल विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में फ्रेंड्स ऑफ कैंसर पेशेंट्स ने यूएई में हेयर डोनेशन कैंप का आयोजन किया| जिसमें संयुक्त अरब अमीरात के सात स्कूलों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इन्हीं सात स्कूलों में से एक स्कूल में तक्ष भी पढ़ते हैं| तक्ष जैन इस अभियान में शामिल होने वाले और अपने बाल दान करने वाले सबसे कम उम्र के बच्चे हैं|
बहन से प्रेरित होकर तक्ष ने लिया यह फैसला
मीडिया रिपोर्ट की माने तो तक्ष ने अपने बाल दान करने का फैसला अपनी बहन से प्रेरित होकर लिया है| तक्ष की माँ नेहा जैन ने बताया कि तक्ष की बहन भी वर्ष 2019 में कैंसर रोगियों के लिए अपने बाल दान कर चुकी हैं| आज तक्ष के इस सराहनीय कार्य को सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है|